You are currently viewing होली व रमज़ान पर शांति, सौहार्द और भाईचारे की अपील

होली व रमज़ान पर शांति, सौहार्द और भाईचारे की अपील

मानव अधिकार प्रोटेक्शन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने देशवासियों से होली एवं पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी प्रेम और धार्मिक सहिष्णुता से है। होली रंगों का पर्व है तो रमज़ान आत्मसंयम, इबादत और इंसानियत का संदेश देता है। दोनों पर्व हमें आपसी सम्मान, संयम और मानव मूल्यों को मज़बूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को तोड़ने वाली नकारात्मक सोच से दूर रहकर हमें एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। किसी भी प्रकार की अफवाहों, उकसावे या असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएँ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर भ्रामक व भड़काऊ सामग्री से दूरी बनाए रखें और शांति व सद्भाव का संदेश फैलाएँ। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी अपेक्षा की कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अंत में घनश्याम गुप्ता ने कहा कि— होली और रमज़ान हमें यह सिखाते हैं कि रंग अलग हो सकते हैं, इबादत के तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत एक है। आइए, इसी भावना के साथ पर्व मनाकर देश में भाईचारे की मिसाल पेश करें।

Leave a Reply