छात्र-छात्राओं एवं युवाओं में अखबार पठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दैनिक जागरण द्वारा सुहाग नगर स्थित जागरण कार्यालय पर आयोजित जागरण संवाद कार्यक्रम में मानव अधिकार प्रोटेक्शन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल फिरोजाबाद के जिलाध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि आज का युग सूचना का है, किंतु विवेक और सत्य की कसौटी पर खरे समाचारों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। सोशल मीडिया के दौर में जहां अप्रमाणिक और भ्रामक सूचनाओं की भरमार है, वहीं अखबार लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में संविधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक सोच और जवाबदेह शासन को मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में अखबार पढ़ने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि यह केवल शैक्षणिक सुधार नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दूरदर्शी नीति है। लोकतंत्र तभी सशक्त होता है जब नागरिक सवाल करना जानता हो, नीतियों को समझता हो और सत्ता से जवाब मांगने का साहस रखता हो—और यह साहस अखबार पठन से ही विकसित होता है।
श्री गुप्ता ने कहा कि यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा युवा अखबार नहीं पढ़ता, तो वह केवल नौकरी की तैयारी करता है, देश सेवा और सामाजिक दायित्व की समझ विकसित नहीं कर पाता। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रत्येक सरकारी विद्यालय में निःशुल्क अथवा रियायती अखबार योजना लागू की जाए, ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल एवं प्रिंट दोनों माध्यमों से समाचार उपलब्ध कराए जाएँ तथा पाठ्यक्रम के साथ समसामयिक विषयों पर संवाद को अनिवार्य किया जाए।
साथ ही उन्होंने मीडिया से अपेक्षा की कि जनहित, शिक्षा, नीति और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे युवा पीढ़ी केवल मनोरंजन तक सीमित न रहे, बल्कि विचार और विवेक से भी जुड़े।
अपने संबोधन के अंत में श्री गुप्ता ने कहा,
“जो समाज अखबार पढ़ना छोड़ देता है, वह सोचने की शक्ति खो देता है। और जो युवा सोचने लगता है, वही परिवर्तन की नींव रखता है।”
इस अवसर पर दर्जनों की संख्या में शिक्षाविद, विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्री गुप्ता ने इस सार्थक पहल के लिए दैनिक जागरण परिवार को साधुवाद दिया।
जय संविधान।
जय लोकतंत्र।
