You are currently viewing होली–रमज़ान–ईद को लेकर शहर में पैदल मार्च, सुरक्षा व सुविधाओं की समीक्षा—

होली–रमज़ान–ईद को लेकर शहर में पैदल मार्च, सुरक्षा व सुविधाओं की समीक्षा—

फिरोजाबाद। मानव अधिकार प्रोटेक्शन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने आज रविशंकर प्रसाद, पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के साथ होली, रमज़ान एवं ईद के दृष्टिगत शहर में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। पैदल मार्च के दौरान होली के सभी चिन्हित स्थानों की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई, ताकि त्योहारों के समय बिजली, पानी, साफ-सफाई, यातायात एवं कानून-व्यवस्था जैसी दैनिक सुविधाओं में किसी प्रकार की रुकावट न आए। उद्देश्य यही रहा कि सभी पर्व भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हों। इस अवसर पर सीओ सिटी फिरोजाबाद, प्रभारी थाना दक्षिण, प्रभारी थाना रसूलपुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही सामाजिक क्षेत्र से दिनेश यादव (शिक्षक) एवं हरिओम गुप्ता (पार्षद) भी पैदल मार्च में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने कहा कि “त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम हैं। प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मिलकर काम करें तो हर पर्व शांति और सौहार्द का संदेश देता है। मानव अधिकार प्रोटेक्शन और व्यापार मण्डल सदैव प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।” पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने भी आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply